वाराणसी। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती (23 जनवरी) को अस्सी घाट पर लगने वाले मेगा रक्तदान शिविर की तैयारियां तेज हो गई हैं। साधना फाउंडेशन और अमर उजाला फाउंडेशन के बैनर तले लगने वाले शिविर के लिए शनिवार को साधना फाउंडेशन के सदस्यों ने जागरूकता कैंपेन चलाया। इस दौरान लोगों को रक्तदान के महत्व के बारे में जागरूक किया गया बल्कि स्वैच्छिक रक्तदान के लिए 40 लोगों ने पंजीकरण भी कराया।
शिविर में उज्जवल संस्था, ऑल इंडिया रोटी बैंक ट्रस्ट, प्रयास फ ाउंडेशन रेनुकूट और रोटरी सारनाथ संयुक्त के सदस्यों का भी शिविर में सहयोग है। साधना फाउंडेशन के सचिव सौरभ मौर्या के देखरेख में शनिवार को घाट पर लोगों से मकर संक्रांति पर दान की परंपरा का निर्वहन करते हुए रक्त दान करने का संकल्प भी दिलाया गया। बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य यह है कि समाज का हर स्वस्थ व्यक्ति एक रक्तदाता हो क्योंकि एक रक्तदानी में इतनी शक्ति है कि वह जरूरतमंदाें की मदद के साथ ही जान बचा सकता है। शिविर के लिए फाउंडेशन के कार्यालय पर पंजीकरण कराया जा सकता है।