वाराणसी। चौकाघाट फ्लाईओवर विस्तारीकरण के निर्माण कार्य के दौरान गुरुवार को कैंट के समीप पंडित कमलापति त्रिपाठी ब्वायज स्कूल के पास क्रेन (हाइड्रा) पलटने से अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि कोई इसकी चपेट में नहीं आया। चालक ने कूदकर जान बचाई। बीच सड़क क्रेन पलट जाने से कैंट-चांदपुर मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। दूसरी क्रेनों और जेसीबी के जरिए पलटी क्रेन को खड़ा कर आवाजाही बहाल कराई गई। तब तक करीब डेढ़ घंटे तक सड़क पर लंबा जाम लगा रहा। कई स्कूली वाहन और एंबुलेंस जाम में फंसे रहे।
फ्लाईओवर निर्माण में लगी एक क्रेन दोपहर एक बजे के लगभग कंक्रीट का खंभा उठा रही थी। उसी दौरान उसका बैलेंस बिगड़ा और वह पलट गई। गनीमत रही कि उस दौरान वहां से कोई वाहन या व्यक्ति गुजर नहीं रहा था, अन्यथा बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। चालक ने भी कूदकर अपनी जान बचाई। कैंट-लहरतारा-चांदपुर मार्ग पर आवागमन ठप होने से राहगीरों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। स्कूली बसों के साथ ही एंबुलेंस भी फंसी रहीं। दोपहर ढाई बजे के करीब आवागमन सामान्य कराया गया। सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर केआर सूदन ने बताया कि हाइड्रा खंभा उठाने के दौरान असंतुलित होकर गिर गई। किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ। एक घंटे में सब कुछ सामान्य हो गया।