वाराणसी। शहर की प्रथम नागरिक के रूप में नगर निगम की नवनिर्वाचित महापौर मृदुला जायसवाल ने मंगलवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। नगर निगम कार्यालय के सामने स्थित शहीद उद्यान पार्क के सुसज्जित मंच से मंडलायुक्त नितिन रमेश गोकर्ण ने उन्हें शपथ दिलाई। काशी की पांचवीं महापौर मृदुला जायसवाल ने देवभाषा संस्कृत में शपथ ली।
भव्य तैयारियों के बीच शपथ ग्रहण समारोह दिन में करीब 11: 40 बजे महापौर मृदुला जायसवाल और मंडलायुक्त नितिन रमेश गोकर्ण मंच पर पहुंचे। मंडलायुक्त ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद महापौर ने 88 वार्डों के नवनिर्वाचित पार्षदों को शपथ ग्रहण कराया। सलेमपुरा की पार्षद साजिया खान किन्हीं कारणों से अनुपस्थित रहने से शपथ नहीं ले पाईं।
इससे पहले नगर आयुक्त डॉ. नितिन बंसल ने नगर निगम सदन के गठन की सरकार की ओर से जारी अधिसूचना पढ़ी और नगर निगम की परंपरा के अनुरूप महापौर को गदा भेंट की। इसके बाद उन्होंने महापौर और अतिथियों को बुके देकर स्वागत किया। संचालन उप नगर आयुक्त रमेश चंद्र सिंह ने किया। इससे पहले शहीद उद्यान में लोग 10 बजे से ही पहुंचने लगे थे।
नगर निगम परिसर और उद्यान में उत्सव जैसे माहौल के बीच शपथ ग्रहण के दौरान हर-हर महादेव का जयकारा गूंजता रहा। निगम कार्यालय के मुख्य द्वार पर ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोग थिरकते नजर आए। शपथ ग्रहण समारोह में पद्मभूषण पंडित छन्नूलाल मिश्र, राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, पूर्व विधायक श्यामदेव राय चौधरी दादा, पूर्व महापौर राम गोपाल मोहले, कौशलेंद्र सिंह, विधायक रवींद्र जायसवाल, सौरभ श्रीवास्तव, पूर्व विधायक अजय राय, सपा नेता मनोज राय धूपचंडी, भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।