चौबेपुर। उमरहां स्थित जयप्रकाश महाविद्यालय की प्रबंध समिति के अध्यक्ष समेत सात लोगों के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर चौबेपुर थाने में लूट और धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई प्रबंधक रहे ओमप्रकाश सिंह की तहरीर पर की गई है।
चंदौली जिले के मारुफपुर निवासी ओमप्रकाश सिंह का आरोप है कि जयप्रकाश महाविद्यालय में आलमारी में 80 हजार रुपये रखे थे। महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष सत्यनारायण प्रसाद ने अपने पुत्र और समर्थकों के साथ 21 नवंबर को आलमारी का ताला तोड़कर रुपये लूट लिए। इसके साथ ही फर्जी कागजात तैयार कराकर बीटीसी प्रशिक्षण के नाम पर छात्रों से 20 लाख रुपये की वसूली की। न्यायालय के आदेश पर चौबेपुर थाने में ओमप्रकाश की तहरीर पर सत्यनारायण प्रसाद, उनके बेटे शिवप्रकाश सिंह, हरिवंश, यादव, सत्येंद्र मौर्य, मनीष कुमार, अरुण यादव, संजीव यादव और आठ-दस अज्ञात लोगों के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।