वाराणसी। भाजपा मेयर प्रत्याशी मृदुला जायसवाल का ‘केसरिया’ नामांकन मंगलवार को होगा। सुबह नौ बजे तिलक प्रतिमा सिगरा से जुलूस में पार्टी के सभी जनप्रतिनिधि और मंत्री केसरिया तिलक लगाकर शामिल होंगे। सोमवार को कई चरणों की बैठक के बाद तय हुआ कि रामनगर पालिका अध्यक्ष पद पर संतोष द्विवेदी और गंगापुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर हरेराम गुप्ता का नामांकन भी कराया जाएगा।
गुलाब बाग पार्टी कार्यालय में हुई बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य ने कहा कि पूर्व सांसद स्व. शंकर प्रसाद जायसवाल के मुख से एक ही मंत्र निकलता था- जय श्रीराम। इस नाते उनकी पुत्रवधू का नामांकन केसरिया रंग से सराबोर होगा। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि सुबह 10 बजे तिलक प्रतिमा से जुलूस निकलेगा। पटेल प्रतिमा, विवेकानंद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। नामांकन जुलूस में सभी पार्षद प्रत्याशी भी शामिल होंगे। इसके बाद जुलूस मुख्यालय के लिए प्रस्थान करेगा। बैठक में राज्य मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, पूर्व विधायक ज्योत्सना श्रीवास्तव, राम गोपाल मोहले, महेश चंद्र श्रीवास्तव, अशोक चौरसिया, शोभनाथ विश्वकर्मा शामिल रहे।