वाराणसी। स्मार्ट सिटी की सूची में शामिल होने के बाद काशी को ग्रीन ऊर्जा की मॉडल सिटी बनाने के लिए तैयारी तेज हो गई है। शनिवार को नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना की अगुवाई में इस पर मंथन होगा। मंडलायुक्त सभागार में होने वाली बैठक में कबीना मंत्री के अलावा शहरी विकास मंत्रालय के सचिव दुर्गाशंकर मिश्र और संयुक्त सचिव समीर शामिल हो रहे हैं।
बैठक में इसके अलावा राज्य सरकार के नगर विकास विभाग के विशेष सचिव सहित मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, नगर आयुक्त और एसएसपी भी मौजूद रहेंगे। काशी को धूल व धुआं रहित करने और पर्यावरण को बचाने के लिए ऊर्जा के परंपरागत संसाधनों को कम कर वैकल्पिक स्रोतों को बढ़ावा दिया जाना है। सोलर प्लांट लगाने पर जोर रहेगा। जगह-जगह छोटे प्लांट लगाकर कूड़े से बिजली का उत्पादन किया जाएगा। वैकल्पिक ऊर्जा से जहां परंपरागत ऊर्जा की बचत होगी, वहीं प्रदूषणमुक्त वातावरण बनाने में मदद मिलेगी। गौरतलब है कि स्मार्ट सिटी चयन के बाद कूड़ा प्लांट, सरकारी भवनों पर सोलर लाइट लगाने का काम भी शुरू हो गया है।