264 मिलीमीटर बारिश का है कोटा, हो चुकी है 145 मिलीमीटर बारिश
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। जून और जुलाई में बारिश का कोटा किसी तरह 50 फीसदी पहुंच पाया, लेकिन अगस्त में बारिश का जो मानक है, उसका 50 फीसदी कोटा पूरा हो गया है। अगस्त में मौसम विभाग की ओर से 264 मिलीमीटर बारिश के मानक के सापेक्ष अब तक 12 दिन में ही 145 मिलीमीटर बारिश मौसम विभाग ने दर्ज किया है। इस बीच सोमवार की दोपहर में भी शहर में बूंदाबांदी से लेकर हल्की बारिश देखने को मिली। आने वाले दिनों में भी बारिश के अच्छे आसार हैं।
मौसम विभाग की ओर से जून से लेकर सितंबर तक का महीना मानसून का सीजन माना जाता है। हर महीने बारिश का कोटा भी निर्धारित किया गया है। मौसम विभाग ने कुल मिलाकर चार महीने में 901 मिलीमीटर बारिश का कोटा रखा है। मानसून की अगर बात करें तो इस साल 25 जून को दस्तक के बाद जून माह के छह दिन में महज चार दिन ही बारिश हुई थी। मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार जून महीने में 111 मिलीमीटर के सापेक्ष 48.8 और जुलाई में 294 मिलीमीटर की तुलना में केवल 133 मिलीमीटर ही बारिश हुई। अब जबकि अगस्त का महीना चल रहा है तो इसकी शुरूआत अच्छी दिख रही है। अब तक 12 दिन में 145 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। इधर सोमवार को दिन में बादलों की आवाजाही के साथ ही हल्की बारिश भी हुई। अधिकतम तापमान 34.2 और न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि मानसून अभी भी सक्रिय है। ऐसे में इस माह में हल्की से तेज बारिश होते रहने के आसार हैं।
बारिश का औसत मानक
जून 111 मिलीमीटर
जुलाई 294 मिलीमीटर
अगस्त 264 मिलीमीटर
सितंबर 232 मिलीमीटर
0000000
पिछले चार साल में हुई बारिश
साल जून जुलाई
2021 340 222.5 मिलीमीटर
2022 201.8 218
2023 133.8 194
2024 48.8 133 मिलीमीटर