वाराणसी। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगा। इसमें काशी के 45 उद्यमी अपने पारंपरिक और आधुनिक उत्पादों को प्रदर्शित करेंगे। यह आयोजन स्थानीय हस्तशिल्पियों को वैश्विक बाजार से जुड़ने का अवसर देगा। ट्रेड शो इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित किया जाएगा। बनारसी सिल्क साड़ी, लकड़ी के खिलौने और गुलाबी मीनाकारी जैसे उत्पाद मुख्य आकर्षण होंगे।
सॉफ्ट स्टोन जाली वर्क और हस्तनिर्मित बनारसी सिल्क के विभिन्न उत्पाद भी प्रदर्शित किए जाएंगे। आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप तैयार किए गए उत्पाद भी शामिल होंगे। खानपान में लौंग लता, तिरंगा बर्फी और बनारसी पान भी उपलब्ध होंगे। उद्योग विभाग के उपायुक्त अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि वाराणसी से 45 उद्यमियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें एक जनपद-एक उत्पाद, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम तथा भौगोलिक संकेतक उत्पाद से जुड़े उद्यमी शामिल हैं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान से जुड़ी महिला उद्यमी भी भाग लेंगी।
काशी के उत्पाद उसकी प्राचीन विरासत और आधुनिक बाजार की जरूरतों को दर्शाएंगे। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम तथा युवा उद्यमियों के उत्पाद बदलते कारोबारी परिवेश को प्रदर्शित करेंगे। प्राकृतिक वेलनेस उत्पाद और कंटेनर बैग भी दिखाए जाएंगे। यह ट्रेड शो खरीदारों को काशी की कला, शिल्प और उद्यमिता की विविधता एक मंच पर देखने का अवसर देगा।
उद्यमियों को मिलेगा बड़ा बाजार
ट्रेड शो में शामिल होने वाले उद्यमियों ने इस आयोजन को महत्वपूर्ण बताया है। गुलाबी मीनाकारी के राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता हस्तशिल्पी कुंज बिहारी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से पारंपरिक शिल्प से जुड़े लोगों को बड़ा बाजार मिलता है। श्री विधि ऑर्गेनिक प्रोडक्ट्स की निदेशक अदिति सिंह ने बताया कि ये मंच खरीदारों से सीधे संपर्क बनाने में मदद करते हैं। इससे उत्पादों के लिए नए बाजार तलाशने की संभावना बढ़ती है। द स्माल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश भाटिया ने कहा कि यह मंच सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम तथा हस्तशिल्प को राष्ट्रीय व वैश्विक बाजार तक पहुंचाता है।