वाराणसी। तीन दिन से तप रहे सूर्य देव का ताप सोमवार को मेघों ने कुछ कम किया। सुबह तेज धूप खिली, लेकिन दोपहर बाद बादल छाए, तेज हवा चली और बूंदाबांदी से मौसम खुशनुमा हो गया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस तरह का मौसम दो दिन और बना रहेगा।
पिछले पंद्रह दिन से तापमान में उतार-चढ़ाव चल रहा है। तेज धूप होती है तो गर्मी परेशान करती है। फिर बादल छाते और बूंदाबांदी होती है, जिससे राहत मिलती है। पिछले सोमवार और मंगलवार को भी बूंदाबांदी हुई थी और तेज हवा चली थी, जिससे बुधवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री से लुढ़ककर 23.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया था। इसके बाद फिर धूप तेज हो गई और तापमान चढ़ गया। सोमवार सुबह तेज धूप निकली और दोपहर बारह बजे तक ऐसा लगा जैसे आसमान से आग बरस रही हो। दोपहर बाद करीब चार बजे मौसम अचानक बदल गया। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय के मुताबिक, 24 अप्रैल तक तेज हवा चलने के साथ बूंदाबांदी के आसार बने रहेंगे।