वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ ने बुधवार को अपना शैक्षणिक कैलेंडर जारी कर दिया है। इसके अनुसार आगामी सत्र में विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाएं 28 मार्च 2020 से शुरू हो जाएंगी। शैक्षिक सत्र 2019-20 के लिए जारी शैक्षणिक पंचांग में एक जुलाई से विश्वविद्यालय और महाविद्यालय खुल जाएंगे। स्नातक और स्नातकोत्तर की द्वितीय वर्ष की कक्षाओं में दो जुलाई से प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी और तीन जुलाई से कक्षाओं का संचालन भी शुरू हो जाएगा। यह जानकारी कुलसचिव डॉ. साहब लाल मौर्या ने दी।
आगामी सत्र में प्रवेश के लिए मेरिट सूची 10 जून को प्रकाशित होगी। स्नातक एवं स्नातकोत्तर में प्रवेश की प्रक्रिया 15 से 30 जून तक चलेगी। संबद्ध महाविद्यालयों द्वारा छात्रों की सूची 31 जुलाई तक उपलब्ध कराने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। बैक पेपर आवेदन पत्र 10 जुलाई से शुरू होंगे और जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई तक होगी। बैक पेपर की परीक्षा अगस्त माह के दूसरे सप्ताह में शुरू होगी। छात्रसंघ चुनाव और दीक्षांत समारोह शासन व राजभवन के निर्देशानुसार कराए जाएंगे। सेमेस्टर की परीक्षाओं का आयोजन नवंबर के दूसरे सप्ताह में शुरू होंगी। विश्वविद्यालय की खेल प्रतियोगिता 15 दिसंबर से 15 जनवरी तक होंगी। शैक्षिक सत्र 2019-20 में स्नातक व स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश परीक्षा का आयोजन 25 से 31 मई 2020 तक किया जाएगा।