वाराणसी। सीरगोवर्धनपुर स्थित लौटूबीर मंदिर के समीप कार्टन में रखे मिले 1500 डेटोनेटर और तार के मामले में मिर्जापुर के आठ लोगों को हिरासत में लेकर लंका पुलिस पूछताछ कर रही है। वहीं, राजस्थान के धौलपुर स्थित फैक्ट्री से संपर्क करने पर पुलिस को पता लगा है कि अहरौरा में झाड़ी से बरामद 500 डेटोनेटर और सीरगोवर्धनपुर में कार्टन से बरामद डेटोनेटर मिर्जापुर जिले की लाइसेंसी दुकान से लाकर रखे गए थे। दोनों जगह डेटोनेटर रखने के पीछे लाइसेंसी दुकानदार से रंजिश या फिर कोई अन्य वजह है, पुलिस इसका पता लगा रही है। पुलिस का दावा है कि मामले से जुड़े अहम सुराग हाथ लगे हैं और प्रकरण का खुलासा जल्द किया जाएगा।
लंका थाना अंतर्गत सीरगोवर्धनपुर स्थित संत रविदास मंदिर से एक किलोमीटर दूर स्थित लौटूबीर मंदिर के समीप रविवार की सुबह कार्टन में डेटोनेटर और तार रखे मिले थे। कार्टन पर राजस्थान की धौलपुर स्थित फैक्ट्री का नाम, पता और फोन नंबर लिखा था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने डेटोनेटर और तार को लेकर पड़ताल शुरू की। तफ्तीश के दौरान पुलिस ने दो दिन में मिर्जापुर और सोनभद्र जिले में पत्थर खदान के काम से जुड़े 17 लोगों से पूछताछ की। नौ लोगों को छोड़कर आठ को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। इस संबंध में एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि अब तक की तफ्तीश में इस बात की तस्दीक हुई है कि डेटोनेटर को पत्थर की खदानों से जुड़े काम के लिए राजस्थान से मिर्जापुर जिले की लाइसेंसी दुकान में लाया गया था। डेटोनेटर सीरगोवर्धनपुर तक कैसे और क्यों लाए गए, इस संबंध में हिरासत में लिए गए लोगों से पुलिस की पूछताछ और सुरागकशी जारी है।
रविदास जयंती के मद्देनजर बरतें अतिरिक्त सतर्कता
19 फरवरी को रविदास जयंती है। इस दौरान सीरगोवर्धनपुर में पंजाब के साथ देश के अन्य राज्यों से लाखों श्रद्धालु आते हैं। एसएसपी ने सीओ भेलूपुर और इंस्पेक्टर लंका को कहा है कि रविदास जयंती के मद्देनजर सीरगोवर्धनपुर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। हल्के के दरोगा, बीट आरक्षी और यूपी 100 की पीआरवी क्षेत्र में भ्रमणशील रहे। सीरगेावर्धनपुर क्षेत्र में बाहर से कौन आ रहा है, इसका ब्योरा पुलिस के पास हो और सभी की गतिविधियों पर नजर रहे।