वाराणसी। बीएचयू से बाहर एम्स बनाए जाने की मांग एक बार फिर उठी है। लंबे समय से इस मुद्दे पर आवाज उठाने वाले हृदय रोग विभाग के चिकित्सक डॉ. ओमशंकर ने इस बार अनशन करने का निर्णय लिया है। रविवार को प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में 19 जनवरी तक एम्स की घोषणा न होने पर 20 जनवरी से अनशन की चेतावनी दी है। रविवार को बीएचयू सिंह द्वार पर पत्रकारों से बातचीत में बताया कि आंदोलन में पाट्टीदार नेता हार्दिक पटेल ने भी अपना समर्थन दिया है।
डॉ. ओमशंकर ने बताया कि बीएचयू आईएमएस को एम्स जैसी सुविधा दिए जाने का निर्णय एम्स आंदोलन को दबाने वाला है। बताया कि गोरखपुर में एम्स बनने और बीएचयू को सुविधा के नाम पर कुछ फंड देने से मरीजों को होने वाली समस्याओं का समाधान नहीं होगा। कहा कि बीएचयू सर सुंदरलाल अस्पताल में अब भी आईसीयू में बेड की कमी, पुराने उपकरणों से जांच, चिकित्सकों की कमी आदि समस्याओं से हर दिन मरीज जूझ रहे हैं, इसका समाधान एम्स बनने से ही संभव है। डॉ. ओमशंकर ने बताया कि प्रधानमंत्री को पत्र भेजने के साथ ही अनशन पर बैठने की जानकारी स्थानीय स्तर पर प्रदेश के राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी समेत कई भाजपा नेताओं को भी दी गई है।