वाराणसी। प्रतियोगी परीक्षाओं के सेंटर वाराणसी में होने की कारण रविवार को भीड़ और बढ़ गई। कई जिलों से आए परीक्षार्थियों के छूंटने के बाद उनमें घर जाने की जल्दी देखी गई। इसकी वजह से रोडवेज बस स्टाप और कैंट स्टेशन पर जबदस्त भीड़ रही। इस दौरान ट्रेनों और बसों के आते ही सीट लेने के लिए यात्रियों में मारामारी की स्थिति बनी रही। इसके चलते परिवहन निगम को सिटी की बसों को भी आस-पास के जनपदों के लिए भेजना पड़ा।
वाराणसी पहुंचे परीक्षार्थियों के चलते रेलवे स्टेशन और रोडवेज पर जबरदस्त भीड़ रही। दोपहर बाद ट्रेनों की जनरल बोगियों से लेकर आरक्षित सीटों तक पर परीक्षार्थियों का कब्जा रहा। इसके चलते यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। वातानुकूलित बोगी में भी भीड़ देखी गई। रोडवेज़ बस अड्डे पर एक-एक सीट के लिए जमकर मारामारी होती रही। बसों के पहुंचते ही यात्री सीट पर बैठने के लिए टूट पड़ रहे थे। बुकिंग व्यवस्था पर आधारित बसों में भी जबरदस्ती चले जा रहे थे। भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने सिटी बसों को भी लगा दिया। पांच-पांच बसें आजमगढ़ और प्रयागराज व तीन बस को जौनपुर के लिए चलाया गया।