वाराणसी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल, इंटर की परीक्षा 149 परीक्षा केंद्रों कराई जाएगी। जनपदीय परीक्षा समिति की ओर से केंद्रों की सूची फाइनल होने के बाद अब इसे अंतिम मुहर के लिए बोर्ड को भेजा गया है। पहले बोर्ड की ओर से 150 केंद्रों की सूची भेजी गई थी, जिसमें भौतिक सत्यापन के बाद पहले 20 के नाम काटे गए बाद में उसमें 19 नए कॉलेजों को जोड़ा गया है।
बोर्ड परीक्षा के सात फरवरी से कराए जाने को लेकर परीक्षा कार्यक्रम पहले ही जारी किया जा चुका है। पिछले सप्ताह 15 दिसंबर से प्रैक्टिकल कराए जाने का भी निर्णय हो चुका है। अब केवल परीक्षा केंद्रों की सूची ही फाइनल होनी रह गई है। पूर्व में बोर्ड की ओर से 150 केंद्रों की सूची शिक्षा विभाग को भेजी गई थी। कॉलेजों ने जो संसाधनों का ब्योरा बोर्ड को दिया था, जब उसकी जांच कराई गई तो मौके पर पांच कॉलेजों में जरूरी संसाधन नहीं मिले। इसके अलावा 15 ऐसे कॉलेज थे जिनके प्रधानाचार्यों ने केंद्र न बनाए जाने की सिफारिश की थी। जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से ऐसे 20 कॉलेजों का सूची से नाम काट दिया गया । ऐसे करीब 50 से अधिक विद्यालय थे जहां से परीक्षा केंद्र बनाए जाने का प्रस्ताव आया था, इसमें 19 कॉलेजों के सत्यापन के बाद उनका नाम सूची में जोड़ दिया गया। अब जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह की अध्यक्षता वाली जनपदीय परीक्षा समिति ने 149 केंद्रों की सूची फाइनल कर दी है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विजय प्रकाश सिंह ने बताया कि बोर्ड को 149 केंद्रों की सूची भेजी गई है। यहां से मुहर लगने के बाद परीक्षा को लेकर आगे की कार्रवाई शुरू होगी।