ज्ञानपुर। अक्सर किसी न किसी कारनामों को लेकर विवादों में रहने वाली जिले की पुलिस एक बार फिर आरोपों में घिर गई है। ताजा मामला भदोही कोतवाली क्षेत्र के पिपरिस का है। यहां पर तीन दिन पूर्व गांव निवासी चंद्रशेखर यादव पर जानलेवा हमले एवं लूट के मामले का रुख पुलिस ने दूसरी तरफ मोड़ दिया है जबकि घायल की हालत चिंताजनक है। उसका उपचार वाराणसी के एक अस्पताल में चल रहा है। परिवार वालों ने मुख्यमंत्री, डीजीपी के पोर्टल पर शिकायत कर न्याय की मांग की। पीड़ित ने आरोप लगाया कि चार पहिया में सवार जिन लोगों ने उस पर हमला किया उसमें एक युवक का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ 82 और 83 यानि कुर्की की कार्रवाई हो चुकी है। एसपी राजेश एस ने कहा कि उनके संज्ञान में मारपीट का मामला है लेकिन उसे दिखवाया जाएगा। बताते चलें कि अभी एक दिन पूर्व विवेचना में लापरवाही बरतने पर ऊंज थाना प्रभारी पर कार्रवाई की गाज गिर चुकी है।