प्राथमिक शिक्षक करेंगे तीन दिवसीय चाक डाउन
मुंगरा बादशाहपुर। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर प्राथमिक और जूनियर शिक्षक 29 अगस्त से तीन दिवसीय चाक डाउन हड़ताल करेंगे। मंगलवार को बैठक कर आंदोलन की रणनीति बनाई। बैठक में तय हुआ कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर शिक्षक संघ तीन दिन तक चाक डाउन हड़ताल कर विरोध जताएंगे। पेंशन बहाली मंच के तहसील अध्यक्ष व प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रमोद कुमार दूबे ने बताया कि 29, 30 व 31 अगस्त को प्राथमिक विद्यालय एवं जूनियर हाईस्कूल के शिक्षक अपने तैनाती स्थल पर उपस्थित रह कर कार्य बहिष्कार करेंगे। अपराह्न एक बजे तक बहिष्कार चलेगा। एक बजे से लेकर तीन बजे तक तहसील मुख्यालय पहुंच कर धरना प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपेगें। जिसमें समस्त शिक्षक ,कर्मचारी व अधिकारी शामिल रहेंगे। धरना में तहसील मछलीशहर के तीनों ब्लाक मुंगराबादशाहपुर, सुजानगंज व मछलीशहर के शिक्षक व कर्मचारी शामिल होंगे।