वाराणसी। बीएचयू के सुंदर बगिया की चहारदीवारी का करौंदी की तरफ का एक हिस्सा रविवार की सुबह अचानक तेज आवाज के साथ ढह गया। चहारदीवारी से सटी सड़क पर मलबा फैलते ही अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि कोई राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया। घटना कहीं शाम को हुई होती तो किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। सुंदर बगिया परिसर में ही मालवीय कैंसर संस्थान का निर्माण कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार की रात यहां निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। जन सुरक्षा को प्राथमिकता पर रखते हुए कार्य कराने की ताकीद की थी।
सुंदर बगिया में महामना मालवीय कैंसर संस्थान का निर्माण करीब 600 करोड़ की लागत से कराया जा रहा है। निर्माण कार्यों के लिए जगह-जगह खुदाई कराई गई। इससे निकला मिट्टी का ढेर चहारदीवारी के पास लगता चला गया। उसे हटाया नहीं गया। ऊपर से जलभराव होने से दबाव और बढ़ गया था।
सुबह करीब 10 बजे करौंदी की तरफ की चहारदीवारी तेज आवाज के साथ ढहने लगी। यह देख उधर से गुजर रहे राहगीरों में अफरातफरी मच गई। कुछ ही देर में चहारदीवारी के मलबे के साथ मिट्टी और पानी से सड़क पट गई। इस कारण पैदल गुजरना भी मुश्किल हो गया। चहारदीवारी ढहने की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे विश्वविद्यालय निर्माण विभाग के इंजीनियरों की कार्यदायी संस्था के लोगों से नोकझोंक भी हुई। तत्काल जेसीबी से मलबा हटवाया गया। विश्वविद्यालय के इंजीनियरों ने बताया कि कई बार कार्यदायी संस्था के लोगों से मिट्टी हटाने को कहा गया था लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। मिट्टी व्यवस्थित नहीं करवाई गई तो चहारदीवारी का बाकी हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो सकता है।