चौबेपुर। चंद्रावती बाजार में गुरुवार की शाम सड़क पार करते समय ट्राली चालक विजय मौर्या (50) को चौबेपुर से कैथी जा रहे डंपर ने जोरदार टक्कर मारी। हादसे में विजय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने चार डंपर पर पथराव कर जमकर तोड़फोड़ की। इसके साथ ही एक डंपर में आग लगा कर गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर जाम लगा दिया। घटना की जानकारी होने पर पीएसी के जवानों के साथ चौबेपुर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। गुस्साए लोगों को समझाबुझाकर शांत कराया तो तकरीबन सवा आठ बजे के लगभग जाम समाप्त हुआ। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई थी और जाम समाप्त होने के बाद लगभग नौ बजे तक यातायात प्रभावित रहा।
चौबेपुर थाना अंतर्गत चंद्रावती गांव निवासी विजय मौर्या किसी काम से बाजार गया था। घर लौटते समय पौने सात बजे के लगभग चंद्रावती बाजार में ही विजय सड़क पार करने लगा। इसी दौरान गुजर रहे तेज रफ्तार खाली डंपर ने विजय को जोरदार टक्कर मारी और उसकी मौत मौके पर हो गई। परिजनों ने बताया कि विजय की पत्नी की कई वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। उसकी तीन बेटियों में से दो की शादी हो चुकी है। ट्रॉली चलाकर जीविकोपार्जन करने वाले विजय की पट्टीदारी में गुरुवार को शादी थी और बारात गाजीपुर गई थी।
उधर, जाम लगाए लोगों का कहना था कि चालक को अविलंब गिरफ्तार किया जाए और पीडि़त परिवार को मुआवजा दिया जाए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि नियमानुसार विजय के परिवार को आर्थिक मदद दिलाई जाएगी। जाम समाप्त होने के बाद पुलिस ने विजय के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।