वाराणसी। आज आधी रात से रोडवेज की बसों के पहिए अगले 24 घंटे के लिए थम जाएंगे। इसके चलते करीब 500 से अधिक बसों का आवागमन बंद हो जाएगा। इससे करीब 10 हजार यात्री प्रभावित होंगे। एसोसिएशन ने इस संबंध में अपना पत्र भी शनिवार को अधिकारियों को देकर अपने आंदोलन की जानकारी दे दी।
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने 27 मार्च को शासन को पत्र और पांच सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। सुनवाई तो दूर कोई वार्ता के लिए भी तैयार नहीं हुआ। इससे नाराज कर्मचारियों ने आंदोलन की चेतावनी दे दी। एसोसिएशन के क्षेत्रीय मंत्री लाला यादव ने बताया कि प्रदेश मंत्री चन्द्रशेखर पांडेय ने भी लखनऊ में निगम के अधिकारी और शासन को पत्र भेजा लेकिन वहां से कोई जवाब नहीं मिला।
ऐसे में हम लोग आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। बताया कि 8 अप्रैल की मध्य रात्रि से ही बस डिपो के गेट बंद कर दिए जाएंगे। अपनी मांगों के संबंध में उन्होंने बताया कि संविदा कर्मियों को नियमित किया जाए, मृतक आश्रितों की भर्ती की जाए, कर्मचारियों का उत्पीड़न बंद किया जाए सहित वेतन विसंगतियां शामिल हैं। कहा कि रविवार की शाम से कर्मचारी बस डिपो पर एकत्र होंगे और रात से ही बसों का परिचलन बंद करके आंदोलन करेंगे।