वाराणसी। निजीकरण के विरोध में बिजली कर्मियों ने शनिवार को सिगरा स्थित शहीद उद्यान से मशाल जुलूस निकाला। जुलूस में कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार से अपने फैसले वापस लेने की मांग की। हाथों में मशाल और तख्तियां लेकर नगर में निकले कर्मचारियों ने निजीकरण वापस लो, जनता को सस्ती बिजली दो, मुख्यमंत्री न्याय करो आदि नारे लगाए। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि निजीकरण के बहाने महा घोटाले की तैयारी चल रही है। निजी घरानों को मुनाफा देकर बिजली की दरों को बढ़ाई जाएगी। इसी प्रकार निजी कंपनी एचसीएल का 100 करोड़ रुपये से अधिक का बिलिंग घोटाला भी निजी क्षेत्र की ही देन है। इस दौरान एक सभा हुई, जिसमें बनारस गोरखपुर सहित पांचों शहरों से निजीकरण के निर्णय को वापस करने की मांग की गई। मशाल जुलूस में संयोजक आरके वाही, डॉ आरबी सिंह, अंकुर पांडेय, सुनील कुमार, अवधेश मिश्रा, रत्नेश सेठ, नीरज बिंद, जीउत लाल, मदन, अभिषेक, एके श्रीवास्तव, मनीष श्रीवास्तव, राजेन्द्र सिंह, नरेंद्र शुक्ला आदि मौजूद रहे।