वाराणसी। काशी का विश्व प्रसिद्ध संकट मोचन संगीत समारोह इस बार देश-विदेश में लाइव होगा। चार से नौ अप्रैल तक होने वाले संगीत के इस छह दिवसीय महाकुंभ के सोशल मीडिया पर सजीव प्रसारण की तैयारी आईआईटी बीएचयू के छात्रों ने डिजाइन इनोवेशन सेंटर के सहयोग से की है। फेसबुक और यूट्यूब पर देश-दुनिया के संगीत प्रेमी घर बैठे इसे लाइव देख सकेंगे। महोत्सव की झलकियां ट्विटर और इंस्टाग्राम पर भी उपलब्ध होंगी।
संकट मोचन संगीत समारोह की अपनी ख्याति है। दुनिया भर के संगीत प्रेमियों को इसका इंतजार रहता है। देश भर के कलाकार समारोह में इसमें हाजिरी लगाते हैं। आयोजन से जुड़े प्रो. वीएन मिश्रा ने बताया कि डिजिटल इंडिया के तहत महोत्सव की झलक पूरी दुनिया को दिखाने के लिए बीएचयू डिजाइन इनोवेशन सेंटर के अंकित श्रीवास्तव के नेतृत्व में आईआईटी बीएचयू के 20 से अधिक छात्रों की टीम सक्रिय हो गई है। लाइव प्रसारण के लिए ड्रोन कैमरे की भी मदद ली जाएगी।
गौरतलब है कि दो साल से संकट मोचन संगीत समारोह के नाम से बने फेसबुक पेज के माध्यम से समारोह को प्रसारित किया जा रहा है। बड़े कलाकारों के आने पर टीवी चैनलों पर भी सजीव प्रसारण होता है।