भदोही। कोतवाली क्षेत्र के फत्तूपुर में बीती रात पेड़ से टकराकर डायल-100 का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। गाड़ी की अगली सीट पर बैठे दो कांस्टेबल सत्य नारायण सिंह और कोमल सिंह के अलावा होमगार्ड जितेंद्र घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे कोतवाल मनोज पांडेय ने घायलों का एमबीएस अस्पताल में उपचार कराया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि रात में मोढ़ क्षेत्र से किसी पीडित की सूचना पर डायल-100 का वाहन मदद के लिए जा रहा था। जब गाड़ी फत्तूपुर पहुंची, तभी चालक को झपकी आ गई और वाहन सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। रात का समय होने के कारण सड़क पर सन्नाटा था। गाड़ी में बैठे दरोगा ने कोतवाली पुलिस को फोन कर दुर्घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जीप पर घायलों को लादकर एमबीएस पहुंचाया। घायलों को सिर में चोट आईं हैं। दुर्घटना में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।