महराजगंज/घोसिया। औराई थाना क्षेत्र के कैयरमऊ गांव के पास वाराणसी-इलाहाबाद राजमार्ग पर रविवार की रात ट्रेलर और ट्रक में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को सीएचसी औराई में भर्ती कराया। हालत चिंताजनक होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं, ट्रक और ट्रेलर के बेतरतीब होने से जीटी रोड पर जाम लग गया। पुलिस की कड़ी मशक्कत से करीब दो घंटे बाद यातायात बहाल हो सका।
जीटी रोड के सिक्स लेन निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। काम करने वाली कंपनी के ट्रक रात के समय बिना किसी बैरीकेडिंग के आते-जाते हैं। रविवार की रात कैयरमऊ के समीप एक ट्रक अचानक जीटी रोड पर आ गया। उसी दौरान वाराणसी की तरफ जा रहा ट्रेलर ट्रक से भिड़ गया। इससे उत्तरी लेन के बजाए ट्रेलर दक्षिणी लेन पर चला गया, जिससे यातायात बाधित हो गया। वहीं, हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रक का चालक केबिन में फंस गया था। मौके पर पहुंची यूपी 100 की पुलिस ने किसी तरह उसे बाहर निकाला। घायल भागीरथ (22) निवासी गिरिडीह और अनूप (25) निवासी अंबेडकर नगर को सीएचसी औराई में भर्ती कराया। बाद में दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। इस दौरान जीटी रोड पर जाम लग गया। पुलिस ने दो घंटे बाद यातायात व्यवस्था को बहाल कर सकी।