वाराणसी। बीएचयू छात्र आशुतोष सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में 20 दिसंबर को छात्रों द्वारा मरीजों, तीमारदारों और चिकित्सकों की गाडि़याें में तोड़फोड़ की घटना के बाद अब विश्वविद्यालय प्रशासन ने कुछ प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। इसमें मुख्य द्वार, चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय, विश्वनाथ मंदिर आदि शामिल हैं। बता दें कि छात्रों ने न केवल मुख्य द्वार से लेकर महिला महाविद्यालय गेट, आईएमएस के पास खड़ी मरीजों, तीमारदारों की गाडि़यों बल्कि चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय के पास खड़ी गाडि़यों में भी तोड़फोड़ की थी। इस बीच जेल में बंद आशुतोष के समर्थन में पिछले दिनों छात्रों द्वारा जेल पर धरना देकर कार्रवाई पर सवाल उठाने के बाद प्रशासन की सक्रियता बढ़ गई है। मंगलवार को चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय गेट के अलावा आगे पार्किगिं स्थल पर सुरक्षा कर्मी तैनात दिखे, अमूमन यहां कोई नहीं रहता।