वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में छात्रों ने रविवार को धरना-प्रदर्शन किया। छात्र प्रॉक्टर, सुरक्षा अधिकारी को हटाने और प्रवेश परीक्षा की प्रक्रिया समाप्त करने की मांग कर रहे थे। कुलपति द्वारा कई बार आश्वासन मिलने के बाद भी इस दिशा में कार्रवाई नहीं होने से छात्र आक्रोशित थे। देर शाम हुई बातचीत के दौरान भी कोई नतीजा नहीं निकल सका। छात्रों ने अपना मांगपत्र कुलपति को सौंपा।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के केंद्रीय कार्यालय के सामने छात्र संघ अध्यक्ष प्रिया चौबे व महामंत्री नरेंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने मांगें न पूरी होने पर मंगलवार से बेमियादी अनशन की भी चेतावनी दी। उनका कहना था कि सात जुलाई को मांगपत्र पर 15 जुलाई तक कार्रवाई का आश्वासन कुलपति ने दिया था लेकिन अब तक कोई दिशा निर्देश नहीं जारी किया गया। छात्र अरविंद कटारे को सुरक्षाधिकारी द्वारा पीटे जाने के मामले में भी एफआईआर नहीं कराई गई। कहा कि क्रीड़ाधिकारी लालजी मिश्र के विरुद्ध जांच के लिए कमेटी बनाई जाए। विश्वविद्यालय के शास्त्री द्वितीय में हिंदी में कम नंबर पाने का कारण स्पष्ट कराते हुए पुनर्मूल्यांकन कराया जाए। इस दौरान रंजीत कुमार तिवारी, विवेक चौबे, अनुराग चौबे, राहुल उपाध्याय, अतुल पांडेय, आशुतोष त्रिपाठी, शशिकांत पांडेय, प्रभाकर तिवारी मोनू, अरविंद कटारे, रितुराज शुक्ला आदि मौजूद थे।