लहरतारा- चौकाघाट फ्लाईओवर के नीचे बाहर से आने वाले पर्यटकों को मिलेगा बेहतर माहौल माई सिटी रिपोर्टर
विज्ञापन
वाराणसी। काशी आने वाले पर्यटकों को कैंट स्टेशन के पास ही रहने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम की ओर से 13 करोड़ की लागत से चार डॉरमेट्री बनाई जाएगी। अब तक केवल अस्थायी शेल्टर होम ही बनाया जाते थे। पक्के डॉरमेट्री का किराया भी कम रखा जाएगा। इसी प्रकार आगे लहरतारा कैंसर अस्पताल के पास स्पोर्ट्स जोन विकसित किया जाएगा। अंधरापुल से लहरतारा तक पाथवे होगा। कैंट रेलवे स्टेशन के सामने लहरतारा- चौकाघाट फ्लाईओवर के नीचे नाइट बाजार हटाया गया था। यहां पर काशी आने वाले पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कैंट स्टेशन के बाहर निकलते ही काशी की धार्मिक, सांस्कृतिक झलक दिखेगी। लहरतारा, चौकाघाट फ्लाईओवर के नीचे अर्बन प्लेस मेकिंग कार्य को एक नवीन रूप में विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य क्षेत्र में यातायात प्रबंधन को सुगम करना है। यहां बेंच, पाथवे, ई रिक्शा के लिए चार्जिंग स्टेशन होगा। सुंदरीकरण के लिए स्कल्पचर, डेकोरेटिव लाइट, वृहद हॉर्टिकल्चर के कार्य, एडवरटाइजिंग पैनल, यातायात की सुगमता और सुरक्षा के दृष्टिगत टेबल टॉप क्रॉसिंग के कार्य होंगे।
कैंट स्टेशन के आसपास चार डॉरमेट्री का निर्माण कराया जाएगा। काफी कम किराए में बाहर से आने वालों को उपलब्ध कराया जाएगा। पाथ-वे, हरियाली, स्पोर्ट्स और डॉरमेट्री का निर्माण होगा। - हिमांशु नागपाल, नगर आयुक्त