मुक्केबाजी में जीते सबसे ज्यादा 16 स्वर्ण पदक जीते, संयम और रिया बेस्ट खिलाड़ी
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी वाराणसी। आईआईटी बीएचयू में खेल महोत्सव स्पर्धा का रविवार को समापन हुआ। चार दिन तक 22 खेलों में 1800 खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। आईआईटी बीएचयू के 800 खिलाड़ियों ने अलग-अलग खेलों में कुल 77 पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। इस टीम के मुक्केबाजों ने सबसे ज्यादा 16 गोल्ड जीते हैं। संयम जैन और रिया पाटिल को बेस्ट खिलाड़ी का अवॉर्ड मिला। मुख्य अतिथि भारतीय कबड्डी टीम के खिलाड़ी सुरेंद्र नाडा और पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी मनोज सरकार ने खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
सुरेंद्र नाडा ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल को समय देकर आईआईटी बीएचयू के खिलाड़ी दूसरों के लिए मिसाल पेश कर रहे हैं। खेलने से एकाग्रता बनती है। दूसरे के लिए उदाहरण बनते हैं। मनोज सरकार ने कहा कि साहस से बढ़कर कुछ नहीं है। स्पर्धा में आईआईटी के खिलाड़ियों ने साहस का परिचय दिया है। मुक्केबाजी के फाइनल में संयम के अलावा, गोवर्धन गुप्ता, नीरज एचराम, रुद्र प्रताप यादव, अभिषेक, विवेक कुमार, मोहम्मद अमान और महिला वर्ग में रिया पाटिल, निमिषा तिवारी और लक्ष्मी कुमारी ने स्वर्ण जीता। टेनिस में राजस्थान के त्रिनाभ (टीम कैप्टन) अभिनव कुमार, वास्तवी और निष्ठा जैन ने पदक जीता। इसके अलावा वॉलीबॉल बालक-बालिका, बास्केटबॉल, बैडमिंटन में आईआईटी बीएचयू को जीत मिली।