वाराणसी। यूपी बोर्ड की परीक्षा नकल विहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए बोर्ड और जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। बुधवार को क्वींस कालेज में परीक्षा की तैयारियों के मद्देनजर हुई में रणनीति तय की गई। बताया गया कि जिले को 23 सेक्टरों में बांटा गया है। 13 जोनल मजिस्ट्रेट, 23 सेक्टर मजिस्ट्रेट और पांच सचल दस्ते परीक्षा पर नजर रखेंगे। वहीं, जिले के चार केंद्र संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं।
बोर्ड परीक्षा की तैयारियों के मद्देनजर केंद्र व्यवस्थापकों/प्रधानाचार्यों के साथ पुलिस और जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक हुई। जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह ने बताया कि परीक्षा के लिए जिले को 23 सेक्टरों में बांटा गया है। परीक्षा पर नजर रखने के लिए 36 मजिस्ट्रटों की तैनात की जाएगी। इसमें 13 जोनल मजिस्ट्रेट, 23 सेक्टर मजिस्ट्रेट के अलावा सचल
दस्ते की पांच टीमें निगहबानी करेंगी। उन्होंने बताया कि गोस्वामी तुलसीदास इंटर कालेज रवींद्रपुरी, राम बाबा इंटर कालेज सिंधौरा, भारत सेवक समाज इंटर कालेज हथियर और नेताजी इंटर कालेज बरकी को संवेदनशील परीक्षा केंद्र के रूप में चिह्नित किया गया है। इन केंद्रों पर नकल कराने एवं मारपीट की आशंका को देखते हुए विशेष सावधानी बरती जाएगी।
प्रश्नपत्र का वितरण कल से
वाराणसी। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए प्रश्नपत्रों का वितरण 13-14 फरवरी को क्वींस कालेज से होगा। 13 फरवरी को देहात क्षेत्र के केंद्रों को बांटा जाएगा और 14 फरवरी को शहरी इलाके के केंद्रों को प्रश्नपत्रों का वितरण होगा। प्रश्नपत्र को तिथिवार रखने का निर्देश दिया गया।