जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 321 मामले आए। इनमें से गिनती के मामलों का ही मौके पर निस्तारण हो सका। सदर तहसील में जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने जनसमस्याएं सुनीं। यहां लगभग 100 मामले आए। वरुणा ऑटो गैरेज के बगल वाले मार्ग पर बिछाया गया चौका कई जगह से टूटने की शिकायत सखावतुल्ला खां ने की। इसपर जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को निरीक्षण कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। राजातालाब तहसील पर विभिन्न वादों से जुड़े कुल 160 मामले आए, जिनमें से सिर्फ दो का ही मौके पर निस्तारण हुआ। एसडीएम अमित कुमार की अध्यक्षता में जफराबाद के अश्वनी श्रीवास्तव ने चकबंदी ऑफिस में भ्रष्टाचार, बांदीपुर के सुभाष तिवारी ने सड़क पर अतिक्रमण की शिकायत की। जबकि हाथी गांव की महिलाओं ने उनकी बस्ती में जाने के लिए सड़क न बनने देने की शिकायत की। पिंडरा तहसील में 61 मामले सुनवाई के लिए आए। इनमें भीटा व तालाब की जमीन पर कब्जा, बसनी व बरही में प्रदर्शनी के दौरान छेड़खानी को लेकर आए दिन होने वाले विवाद को लेकर शिकायत की। तहसील दिवस की अध्यक्षता एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा ने की।