वाराणसी। भेलूपुर थाना अंतर्गत खोजवां में रविवार की देर रात गली में कूलर रखने की विवाद में पवन कुमार को मारपीट कर घायल कर दिया गया। इसके साथ ही मारपीट करने वालों ने जुलूस निकाल कर पुलिस विरोधी नारेबाजी भी की। साथ ही, पुलिस की मौजूदगी में भी पवन की पिटाई की गई। प्रकरण को लेकर पवन की तहरीर पर भेलूपुर थाने में 20 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया।
खोजवां निवासी रानू सिंह ने छह फीट संकरी गली में कूलर रखकर आवागमन बाधित कर दिया था। इसका पड़ोसी पवन कुमार ने विरोध किया। आरोप है कि इससे नाराज होकर रानू ने अपने दोस्तों के साथ पवन की पिटाई की। इसके बाद रानू और उसके दोस्त पवन की पिटाई करते हुए पुलिस विरोधी नारेबाजी कर भेलूपुर थाने की ओर बढ़े। दुर्गाकुंड चौकी के समीप पुलिस ने नारेबाजी कर रहे लोगों को हिरासत में ले लिया और पवन को मेडिकल मुआयना के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस आरोपियों को भेलूपुर थाने ले गई तो वहां भी सभी ने पवन की पिटाई कर दी। इसे लेकर पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी। इस संबंध में थानाध्यक्ष भेलूपुर ने बताया कि 13 आरोपियों को जेल भेजा गया है। अन्य की तलाश में छापेमारी की जा रही है।