वाराणसी। देश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 100 फीट ऊंचा तिरंगा लहराने के क्रम में बुधवार को एक और नाम जुड़ गया। कैंट रेलवे स्टेशन के बाद मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन की सेकेंड एंट्री पर पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव अग्रवाल ने 100 फीट की ऊँचाई पर 30 फीट गुणा 20 फीट का राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
इसके बाद महाप्रबंधक ने स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाआें का जायजा लिया। स्टेशन के सामने से जा रही डीरेका की रेल लाइन (नए बनने वाले इंजन को बाहर निकालने के लिए) की तरफ संकेतक लगाने का निर्देश दिया। इससे पहले सिटी रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने अतिरिक्तप्लेटफार्मों के निर्माण में तेजी लाने, प्लेटफ ार्मों पर छाजन और पीने के पानी का अतिरिक्तकाउंटर के निर्माण के लिए कहा।
महाप्रबंधक ने मंडुवाडीह स्टेशन पर काउंटरों, यात्री प्रतीक्षालय, वीआईपी लाउंज, वाटर बूथ, फूड स्टाल, बुक स्टाल व सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण अधूरे कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया। झंडा फ हराने के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक एसके झा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर समन्वय अजय वार्ष्णेय, स्टेशन अधीक्षक सीपी सिंह आदि मौजूद रहे।