मिर्जामुराद। भिखारीपुर गांव के पास मंगलवार सुबह नेशनल हाईवे दो के किनारे खड़े ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार स्कार्पियो जा घुसी। हादसे में सत्यप्रकाश पांडेय (45) और उनके भतीजे प्रिंस कुमार पांडेय (28) की मौत हो गई। सत्यप्रकाश का बेटा सजल पांडेय (25) गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने स्कार्पियो में फंसे सजल को बाहर निकाल कर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा।
गाजीपुर जिले के खानपुर क्षेत्र के सिधौना निवासी सत्यप्रकाश पांडेय, बेटे सजल और भतीजे प्रिंस के साथ सोमवार रात स्कार्पियो से दर्शन पूजन के लिए विंध्याचल जा रहे थे। इसके बाद सत्यप्रकाश को मिर्जापुर के शहर कोतवाली क्षेत्र के पक्का पोखरा क्षेत्र में रहने वाले भाई सहित अन्य परिजनों से मुलाकात करनी थी।
सुबह करीब तीन बजे भिखारीपुर गांव के समीप नेशनल हाईवे के किनारे खड़े ट्रक के पीछे सत्यप्रकाश की स्कार्पियो जा घुसी। हादसे में चाचा और भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कार्पियो चला रहा सजल गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि काफी दूर तक आवाज सुनाई दी और स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए। वहीं, हादसे के बाद ट्रक लेकर चालक भाग निकला। पुलिस ने सत्यप्रकाश व प्रिंस का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सूचना पर गाजीपुर से बीएचयू पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों में कोहराम मचा हुआ था।