वाराणसी। सिगरा थाना अंतर्गत लहरतारा क्षेत्र में मंगलवार की रात असलहे से लैस बदमाशों ने सौरभ जायसवाल पर सरेराह हमला कर उनकी स्कूटी, मोबाइल, एटीएम और नगदी लूट लिया। वारदात की सूचना सिगरा थाने पर दी गई लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता नहीं दिखाई। इसके बाद पुलिस प्रकरण को आपसी मारपीट का बता कर टरकाने लगी। भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव को जानकारी मिली तो उन्होंने फोन कर इंस्पेक्टर से नाराजगी जताई। इसके बाद अज्ञात बदमाशोें के खिलाफ सिगरा थाने में डकैती का मुकदमा दर्ज किया गया। तफ्तीश में जुटी पुलिस ने बुधवार देर शाम तक नगदी और स्कूटी बरामद कर लिया। प्रकरण को लेकर आठ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सौरभ ने बताया कि वो एक दैनिक समाचार पत्र (अमर उजाला नहीं) में कार्यरत हैं। मंगलवार की रात आदर्श नगर स्थित दफ्तर से कामकाज से खाली होकर वो स्कूटी से घर जा रहे थे। रात 1:45 बजे के लगभग लहरतारा रेल ओवरब्रिज के समीप आठ-नौ बदमाशों ने उन्हें घेर कर रोका और तमंचा सटा दिया। इसके बाद उनकी स्कूटी, मोबाइल, दो एटीएम और 6500 रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें मारापीटा और पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। वारदात की सूचना मिलने पर कार्रवाई की बजाय सिगरा थाने पर मौजूद पुलिसकर्मी और नगर निगम चौकी प्रभारी मौके पर नहीं गए बल्कि पीड़ित को लूटपाट के बजाय मामला मारपीट का बताने लगे। इसे लेकर सौरभ खासे परेशान रहे। इस संबंध में इंस्पेक्टर सिगरा ने बताया कि प्रकरण के संबंध में आठ को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। स्कूटी और मोबाइल बरामद हो गया है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।