वाराणसी। बम बम बोल रहा है काशी..., बाबा की महिमा है कितनी निराली, दुनिया चले ना श्रीराम के बिना... की धुन पर भक्त झूम उठे। हनुमत कृपा परिवार के तत्वावधान में रविवार को मानव कल्याण के लिए भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। सिगरा-महमूरगंज मार्ग पर स्थित काशी के द्वितीय ज्योर्तिलिंग बाबा मल्लिकार्जुन महादेव का विशेष पूजन किया गया। संकट मोचन संकीर्तन मंडल की ओर से भजनों की रसधार बहाई गई। हरिनाम संकीर्तन की गूंज से मंदिर सहित आसपास का माहौल भक्तिमय हो गया।
संयोजक जितेंद्र खनेजा बबलू ने वैदिक विद्वानों द्वारा बाबा मल्लिकार्जुन महादेव का पंचामृत,चंदन, भस्म, फल, फूल व वस्त्रों से विशेष पूजन कराया। संयोजक ने बताया कि यह वाराणसी का सबसे ऊंचा मंदिर माना जाता है। यहां 84 सीढ़ियां चढ़कर मंदिर में पहुंचते हैं। ऐसी मान्यता है कि बाबा की आराधना से मनुष्य को 84 योनियों (जीवन) से मुक्ति मिलती है। इसका प्राचीन इतिहास पुराणों में वर्णित है। इस अवसर पर शेखर त्रिपाठी ,अजय त्रिपाठी, घनश्याम जायसवाल, संजय सिंह, दशरथ सिंह, बलदाऊ, आशुतोष सहित अनेकों भक्तजन उपस्थित रहे।