वाराणसी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बूथ सम्मेलनों के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जौनपुर में 15 जिलों के 28 हजार 173 बूथ अध्यक्षों को संबोधित करेंगे। काशी क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों के साथ ही 3130 सेक्टर संयोजक, 3130 सेक्टर प्रभारी और जिला पदाधिकारी, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि भाग लेंगे।
मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या एवं प्रदेश के सहप्रभारी सुनील ओझा भी कार्यक्रम में रहेंगे। काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव ने सभी जिला अध्यक्षों से मोबाइल पर फीडबैक लिया।
एमएलसी ने किया सड़क का शिलान्यास
वाराणसी। विधान परिषद सदस्य लक्ष्मण आचार्य ने 14.5 लाख रुपये लागत से बनने वाले नाली, सड़क और सीवर का शिलान्यास किया। एमएलसी ने कहा कि भाजपा सरकार में गांवों के विकास का लक्ष्य है और सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक समर्पित है। इस मौके पर पीयूष वर्धन सिंह, सुरेश सिंह, प्रशांत सिंह, राओनी वर्मा, रोली वर्मा, नंदलाल प्रधान, रिंकू पेंटल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
पश्चिम बंगाल के सीएम का पुतला किया दहन
कोलकाता पहुंचे सीबीआई के अधिकारियों की गिरफ्तारी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हेलीकाप्टर को लैंड करने की अनुमति नहीं देने पर भाजपा नेताओं ने यूपी कालेज पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुतला दहन किया। उन्होंने राष्ट्रपति से पश्चिम बंगाल सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।