वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के सामाजिक संकाय में परीक्षा के दौरान फाल्स सीलिंग गिरने से छात्रा घायल हो गई। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रा को कबीरचौरा अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक इलाज के बाद उसे छुट्टी दे गई। सोमवार को सामाजिक संकाय के कमरा नंबर नौ में एमएड की परीक्षा के दौरान छत का सीलिंग गिरने से परीक्षा दे रही मिर्जापुर निवासी छात्रा पूनम सिंह घायल हो गई। छात्रा के सिर और हाथ में चोट आई है। कुलसचिव और संकाय अध्यक्ष डीन प्रो. नंदलाल ने कहा कि यह उनकी जिम्मेदारी नहीं है। यह निर्माण विभाग का मामला है। विश्वविद्यालय में इससे पूर्व भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। बावजूद इसके विश्वविद्यालय प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। छात्राें ने बताया कि कक्ष संख्या आठ में भी इसके पूर्व छत गिरने की घटना हो चुकी है। आए दिन हो रही घटना से छात्रों में दहशत है।