वाराणसी। छावनी क्षेत्र स्थित अमाया होटल में शनिवार रात बेटी के शादी के दौरान महिला का बैग उचक्कों ने उड़ा लिया। बैग में एक लाख 80 हजार रुपये और एक लाख से अधिक के आभूषण थे।
सोनिया कादीपुर निवासी जगदीश प्रसाद कुशवाहा के अनुसार, उनकी बेटी का वैवाहिक कार्यक्रम अमाया होटल में शनिवार को आयोजित था। पत्नी गीता कुशवाहा ने अपने बैग में खर्च के लिए एक लाख 80 हजार रुपये और आभूषण रखे हुए थे। इसी दौरान उचक्कों ने उनका बैग गायब कर दिया। जब गीता को पता चला तो अफरातफरी मच गई। मौके पर लगे सीसी कैमरे की जांच करने पर घटना को अंजाम देते हुए तीन संदिग्ध लोग दिखाई पड़ रहे हैं। जगदीश ने घटना के बाबत कैंट थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश कर रही है।