तमाम शंकाओं, संभावनाओं के बीच होली के बाजार में जमकर धनवर्षा हुई। इस बार चार अरब से ज्यादा का कारोबार हुआ। 15 दिन पहले से ही बाजारों में तैयारी और खरीदारी दोनों का मिलाजुला असर देखने को मिला। होली के दो दिन पहले तो बाजारों में ऐसी स्थिति रही कि पैदल चलने में भी लोगों के पसीने छूट गए। शहर के प्रमुख बाजार रहे हों या ग्रामीण क्षेत्रों के बाजार हर जगह खरीदारी की धूम रही।
कपड़ों का मार्केट सबसे ज्यादा गुलजार रहा। नए कपड़े लेने के लिए बच्चे से लेकर बूढ़े तक बाजार में खरीदारी करते दिखे। यही कारण रहा कि मॉल हो या रिटेल शॉप, ब्रांडेड शोरूम नए कलेक्शन के साथ जमकर उपहार बांटे गए। बाजार में ब्रांडेड, अनब्रांडेड दोनों तरह के कपड़ों के ग्राहक मिले। रिटेलरों की मानें तो होली के चलते सप्ताह भर तक सभी प्रकार के छोटे-बड़े उत्पादों का रोजाना 50 करोड़ का कारोबार रहा। व्यापारी शाश्वत, रमेश चंद, मोहित राय, मनोज गुप्ता आदि ने बताया कि उम्मीद के अनुसार इस बार होली पर अच्छा व्यापार हुआ।