ज्ञानपुर। धान खरीद और चावल भंडारण को लेकर खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। शुक्रवार को क्षेत्रीय खाद्य आयुक्त (आरएफसी) विंध्याचल मंडल मिर्जापुर रवि कुमार, आरएमओ सचिन कुमार और जिला खाद्य विपणन अधिकारी भदोही श्याम कुमार मिश्र ने 10 राइस मिलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान भारी मात्रा में धान और चावल राइस मिलों में डंप पाया गया। मिल मालिकों ने चावल खराब होने का हवाला देकर चावल का उठान कराने की अधिकारियों से गुजारिश की। दुर्गा राइस मिल हुसैनीपुर महराजगंज में खामियां मिलने पर उसे नोटिस देकर शीघ्र जवाब देने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान मिलरों ने कहा कि धान और चावल बाहर रखा गया है। बारिश होने पर खराब हो जाएगा। आरएफसी से मांग की कि मिर्जापुर जिले की तरह भदोही जिले से भी चावल की रैक बाहर भेजी जाए। क्योंकि यहां भंडारण के लिए जगह नहीं हैं। इस पर आरएफसी ने विचार करने का आश्वासन दिया। महाराजगंज क्षेत्र के हुसैनीपुर स्थित दुर्गा राइस मिल में निरीक्षण के दौरान पता चला कि मिल के पास स्थान होने के बावजूद वहां न तो धान की दराई हो रही है ना ही चावल की उठान हो पा रही है। इस पर आरएफसी ने नाराजगी जताते हुए मिल संचालक को नोटिस जारी किया। कहा कि शीघ्र समुचित जवाब न देने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।