वाराणसी/लोहता/बड़ागांव। जिले में चोरों का आतंक जारी है। इसी कड़ी में लंका, लोहता और बड़ागांव थाना क्षेत्र में पुलिस को चुनौती देते हुए तीन मकान और एक दुकान को निशाना बनाया। शनिवार को भुक्तभोगियों की सूचना पर पहुंची इलाकाई थाने की पुलिस महज मौका मुआयना तक ही सीमित रही। इसे लेकर भुक्तभोगियों में पुलिस के प्रति खासा गुस्सा देखने को मिला।
लंका थाना अंतर्गत कंचनपुर में ककरमत्ता के अजय सोनी की मोबाइल की दुकान है। दिवाली की रात दुकान बंद कर घर गए अजय शनिवार की सुबह वापस पहुंचे तो अंदर का सारा सामान अस्त व्यस्त था। चोर दुकान की छत की पटिया उखाड़ कर घुसे थे। अजय ने बताया कि चोर दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा, डीवीआर सहित लगभग चार लाख का सामान चुरा ले गए हैं। वहीं, लंका थाना अंतर्गत शिवाजी नगर कॉलोनी निवासी दवा कारोबारी विमलेश धर द्विवेदी के बंद पड़े मकान के दरवाजे को तोड़ कर अंदर घुसे चोर दो डिजिटल कैमरे और लगभग एक लाख रुपये के जेवर चुरा ले गए। सूचना देने के बाद भी पुलिस नहीं पहुंची तो भुक्तभोगी ने एसपी सिटी को फोन किया। एसपी सिटी की नाराजगी के बाद नगवां पुलिस चौकी प्रभारी फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
उधर, लोहता थाना अंतर्गत केराकतपुर गांव में रहने वाले बैंककर्मी दिलीप सिंह का बंद मकान का ताला तोड़कर चोर एक लाख रुपये से ज्यादा कीमत के जेवर, मोबाइल और इनवर्टर की बैटरी चुरा ले गए। आसपास के लोगों ने बताया कि केराकतपुर पंचायत भवन के आसपास दिन भर जुआ खेला जाता है। जुआरियों ने ही चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया है। इसी तरह बड़ागांव थाना से चंद कदम की दूरी पर स्थित करवल बस्ती निवासी बलराम उर्फ बल्लू करवल के घर में घुसे चोर 25 हजार रुपये, मोबाइल और डेढ़ लाख रुपये से ज्यादा कीमत के जेवरात चुरा ले गए।