वाराणसी। विभिन्न मांगों के संबंध में विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से गुरुवार को भिखारीपुर स्थित पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड कार्यालय परिसर में हुई सभा में रणनीति तैयार की गई। जन जागरण अभियान के तहत केंद्रीय संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने तय किया कि 30 अगस्त को लखनऊ सहित सभी जिलों व परियोजना मुख्यालयों पर सुबह 10 से पांच बजे तक सत्याग्रह किया जाएगा। 12 सितंबर को सुबह आठ बजे से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
अभियंता संघ के अध्यक्ष जीके मिश्र ने कहा कि एक जनवरी 2016 से सातवां वेतन पुनरीक्षण पर आदेश देने, ऊर्जा निगमों का एकीकरण करने की लड़ाई लड़ी जा रही है। विद्युत मजदूर पंचायत के अध्यक्ष बीसी उपाध्याय ने कहा कि निजी घरानों से बिजली खरीदने के लिए ओबरा अ तापीय परियोजना हरदुआगंज 110 मेगावाट, पारीक्षा 110 मेगावाट, पनकी ताप विद्युत गृह की इकाईयों को चालू कराना है। विद्युत मजदूर संगठन के प्रदेश महामंत्री आलोक सिन्हा ने कहा कि सभी अभियंताओं और अवर अभियंताओं को वेतन वृद्धि देने, वेतन विसंगति दूर करने, पुरानी पेंशन लागू करने के लिए सभी को एकजुट होना पड़ेगा। सभा की अध्यक्षता बिजली मजदूर संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष माया शंकर तिवारी ने की। संचालन आरके वाही ने किया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश विद्युत मजदूर संघ के आरपीएस यादव, हाईड्रो इलेक्ट्रिक इंप्लाइज यूनियन के प्रमुख महामंत्री विपिन प्रकाश वर्मा, विद्युत कार्यालय कार्मिक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष एके श्रीवास्तव, कर्मचारी संघ के अध्यक्ष पीएन गुप्ता, बिजली कर्मचारी संघ के जवाहर लाल विश्वकर्मा, आरबी सिंह, ओपी सिंह, इंद्रेश राय, रामकुमार, मनीष झा, वेद प्रकाश राय आदि शामिल रहे।