वाराणसी। महमूरगंज स्थित निवेदिता शिक्षा सदन में शुक्रवार को प्रथम ओपेन राज्य स्तरीय बालिका कराटे प्रतियोगिता वीरांगना का भव्य शुभारंभ हुआ। इसमें प्रदेश के सात जिलों के 15 स्कूलों से कुल 250 बालिकाओं ने भाग लिया। संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल और पाणिनि कन्या महाविद्यालय की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखे गए।
विज्ञापन
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में आत्मरक्षा की भावना जगाना और मार्शल आर्ट्स के माध्यम से महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है। विजेता बालिकाओं को स्वर्ण पदक और चांदी का सिक्का स्मृति स्वरूप प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने दीप प्रज्वलन और नौ कन्याओं के पूजन के साथ किया। नवरात्र के पावन अवसर पर अतिथियों ने नौ वीरांगनाओं को प्रतीक स्वरूप तलवार भेंट की और हर घर दुर्गा अभियान को प्रोत्साहन देने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि प्रो. त्यागी ने कहा कि बालिकाओं का सशक्त और आत्मनिर्भर बनना समाज और प्रदेश दोनों के लिए आवश्यक है। उन्होंने आयोजन समिति और आरंभ स्पोर्ट्स एंड फिटनेस एकेडमी की पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।