वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में स्नातक और स्नातकोत्तर के छात्र पाठ्यक्रम में 25 फीसदी कटौती के साथ परीक्षा देंगे। संकायाध्यक्ष और विभागाध्यक्ष दस दिनों के अंदर परीक्षा के लिए नए पाठ्यक्रम को परीक्षा समिति को सौंपेंगे।
कुलसचिव डॉ. साहब लाल मौर्य ने बताया कि स्नातक और स्नातकोत्तर के सेमेस्टर पाठ्यक्रम में 25 फीसदी की कटौती की जाएगी। कोरोना संक्रमण के कारण देर से शुरू हुई कक्षाओं के कारण पाठ्यक्रम पूर्ण नहीं होने से यह निर्णय लिया गया है। फरवरी के तीसरे सप्ताह से तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। पांचों जिलों में तीस हजार छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। विश्वविद्यालय के विभाग और संकाय अध्यक्षों को 25 फीसदी पाठ्यक्रम की कटौती कर नया पाठ्यक्रम परीक्षा समिति को जल्द से जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। पाठ्यक्रम मिलने के बाद ही उसी अनुसार प्रश्नपत्र तैयार कराए जाएंगे। महाविद्यालयों में भी इसी पाठ्यक्रम के आधार पर पढ़ाई होगी। वहीं प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं मार्च में प्रस्तावित हैं।