वाराणसी। डेरा सचखंड बल्ला के प्रमुख संत निरंजन दास अपने दो हजार से अधिक अनुयायियों के साथ पंजाब के लिए रवाना हो गए। जाने से पहले संत ने मेले में आए श्रद्धालुओं को दर्शन और आशीर्वचन दिए। सीर गोवर्धनपुर स्थित रविदास मंदिर में आयोजित मेले में बुधवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। दर्शन पूजन करने के बाद यहां लोगों ने मेले में खरीदारी भी की।
15 फरवरी से चल रहे सीर गोवर्धनपुर के मेले में देश भर से श्रद्धालु पहुंचे थे, मेला क्षेत्र में दर्शन पूजन के साथ ही भोजन, चाय-नाश्ते के लिए भी स्टाल लगाए गए थे। जबकि मंदिर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए मंदिर प्रबंधन की ओर से लंगर और रुकने की व्यवस्था की गई थी। 17 फरवरी की शाम को डेरा सचखंड बल्ला प्रमुख निरंजन दास महाराज बेगमपुरा ट्रेन से इस कार्यक्रम में पहुंचे थे। इसके बाद मंदिर में दर्शन पूजन करने के साथ ही उन्होंने पूरी व्यवस्था का निरीक्षण किया। 19 को होने वाले मुख्य आयोजन में उन्होंने श्रद्धालुओं को दर्शन दिए। बुधवार की शाम को कड़ी सुरक्षा के बीच करीब दो हजार श्रद्धालुओं के साथ संत निरंजन दास रवाना हो गए। उनके जाने के बाद अब मेला धीरे-धीरे हटने लगा है। उधर डेरा सचखंड बल्ला के प्रमुख संत निरंजन दास सहित सैकड़ों श्रद्धालु बुधवार को बेगमपुरा स्पेशल से वापस लौट गए।