सेवापुरी। जंसा सब्जी मंडी के समीप रविवार को सुबह साइकिल सवार शमशेर अली (52) को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में शमशेर की दुर्घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने जंसा चौराहे पर जाम लगा दिया। सभी की मांग थी कि आरोपी चालक को गिरफ्तार करने के साथ ही पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाए। सूचना पाकर तीन थानों की फोर्स के साथ पहुंचे तहसीलदार राजातालाब और सीओ सदर ने आश्वस्त किया कि पीड़ित परिवार को मुआवजे के साथ ही सभी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। तब जाकर किसी तरह से ग्रामीण शांत हुए। लगभग तीन घंटे बाद 10 बजे जाम समाप्त हुआ तो पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
जंसा थाना अंतर्गत हाथी बाजार निवासी शमशेर फेरी दुकानदार था और अपने लिए सामान खरीदने साइकिल से राजातालाब जा रहा था। जंसा से रामेश्वर होते हुए पंचक्रोशी मार्ग पर भारी मालवाहकों के साथ ही बड़े वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित है। शमशेर के जंसा सब्जी मंडी के समीप पहुंचने पर जंसा की ओर से आ रहे ट्रक ने उसकी साइकिल पर टक्कर मारी और फिर उसे कुचलता हुआ आगे बढ़ गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि शमशेर दो बेटों और तीन बेटियों का पिता था। शमशेर का बड़ा बेटा दिव्यांग है और दो बेटियों की शादी हो चुकी है। शमशेर फेरी लगाकर पूरे परिवार का भरण पोषण करता था। वहीं, हादसे में शमशेर की मौत की सूचना मिलते ही उसकी पत्नी कुरैश खातून अचेत हो गई। जंसा थानाध्यक्ष ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। शमशेर के बेटे जावेद की तहरीर पर जंसा थाने में ट्रक के रजिस्ट्र्रेशन नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।