वाराणसी। शिक्षण संस्थानों, रेलवे, पुलिस विभाग, कर्मचारी चयन आयोग सहित अन्य जगहों पर खाली पड़े पदों पर नियुक्ति न होने, विद्यालयों में फीस वृद्धि, उच्च शिक्षण संस्थानों में आरक्षण खत्म करने सहित कई समस्याओं को लेकर छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को बीएचयू गेट पर प्रदर्शन किया। ज्वाइंट एक्शन कमेटी, समाजवादी छात्र सभा सहित अन्य संगठनों के बैनर तले प्रदर्शन के माध्यम से सरकार से समस्याओं के समाधान की मांग की। छात्र-छात्राओं ने बताया कि सरकारी विभागों में 24 लाख पद खाली पड़े हैं लेकिन नियुक्तियां नहीं हो रही हैं। ऐसे में बेरोजगार युवाओं को छला जा रहा है। इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं होती जा रही हैं, प्रतियोगी परीक्षाओं में देरी से भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनी के माध्यम से सात फरवरी को लाल किले से निकलने वाले संसद मार्च में अधिक से अधिक संख्या में युवाओं के शामिल होने की अपील की गई।