वाराणसी। प्रवासी भारतीय काशी प्रवास के दौरान पुलिस, पीएसी और सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स के साथ ही राज्य व केंद्रीय खुफिया इकाइयों के तीन स्तरीय अभेद्य सुरक्षा घेरे में रहेंगे। मेहमानों के ठहराव स्थल से लेकर आवाजाही के रूट पर पुलिस और खुफिया इकाइयों की नजर है। आंकड़ों के अनुसार प्रति प्रवासी भारतीय दो सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। वहीं, शहर में पुलिस और खुफिया इकाइयों के डेढ़ हजार से ज्यादा जवान सादे कपड़ों में तैनात रहेंगे।
उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के मद्देनजर पुलिस लाइन में रविवार को फोर्स को ड्यूटी के बारे में एडीजी जोन पीवी रामाशास्त्री ने बताया। एडीजी जोन ने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ दुनिया के कोने-कोने से यहां छह हजार मेहमान आए हैं। वीवीआईपी की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर चूक न होने पाए और उनका सुरक्षा घेरा न टूटने पाए। इसके बाद पीएम की डमी फ्लीट ने बाबतपुर एयरपोर्ट से बड़ा लालपुर स्थित दीनदयाल हस्तकला संकुल तक ग्रैंड रिहर्सल किया। एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने कहा कि पुलिस, पीएसी और सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स के जवान सुरक्षा व्यवस्था में कोई लापरवाही नहीं बरतेंगे और यातायात व्यवस्था पर भी पैनी नजर रखेंगे।