दुर्गागंज। अभोली विद्युत उपकेंद्र से जुड़े सरायहोला में लगा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर 15 दिन से जल गया है। इससे गंगारामपुर, सरायहोला गांवों की कई बस्तियों में अंधेरा पसरा हुआ है। लंबे समय से बिजली गुल रहने से लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के सीजन में जहां गांवों में अंधेरा फैला है, वहीं कई काम नहीं हो पा रहे हैं। मोबाइल और अन्य उपकरण शोपीस बन गए हैं। सरकार का 72 घंटे में ट्रांसफार्मर बदलने का दावा फेल साबित हो रहा है। गंगारामपुर निवासी त्रिलोकी ने आठ सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि दो दिन में समस्या हल नहीं हुई तो सड़क पर उतरकर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।