वाराणसी। कैंट स्थित रोडवेज बस अड्डे को लखनऊ बस टर्मिनल की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। बस स्टेशन को अत्याधुनिक बनाने के लिए शासन को भेजे गए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट को सैद्धांतिक सहमति दे दी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद आधुनिकीकरण का काम शुरू कराया जाएगा। इसमें यात्री विश्रामालय, सिनेमा हाल, शापिंग मार्केट सहित अन्य सुविधाएं प्रस्तावित है।
राज्यमंत्री डा. नीलकंठ तिवारी ने सोमवार को विभिन्न मुद्दों पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें कैंट रोडवेज बस अड्डे को विकसित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने बताया कि इसके डीपीआर को स्वीकृति मिलते ही काम शुरू कराया जाएगा। राज्यमंत्री ने गोलगड्डा बस स्टेशन के भी आधुनिकीकरण का निर्देश दिया और बताया कि बिहार, गाजीपुर आदि उधर की बसों का संचालन गोलगड्डा बस स्टेशन से सुनिश्चित कराए जाने से शहर का यातायात व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित होगा। इस दौरान राज्य मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने शहर के सीवरेज समस्या के समाधान पर कराए जा रहे काम पर असंतोष जताया। गुड़गांव की कंपनी के काम को प्रभावी नहीं बताया। उन्होने पूर्व में सीवर सफाई कार्य करने वाले पुराने ठेकेदारों की मिलीभगत से समस्या पैदा करने वालों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद कर्णघंटा, धनेसरा, बकरिया कुंड सहित शहर के अन्य प्रमुख तालाबों एवं कुण्डों को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए इसके विकास एवं सौंदर्यीकरण का निर्देश दिया।