ज्ञानपुर। गर्मी का असर सेहत पर भी पड़ने लगा है। उल्टी-दस्त, पेट दर्द और बुखार के मरीजों से सरकारी और निजी अस्पताल पट गए हैं। मंगलवार को अकेले जिला अस्पताल की ओपीडी में 1500 मरीजों ने उपचार के लिए पर्चियां कटवाईं। इसके अलावा 35 लोगों को इमर्जेंसी में भर्ती कराया गया।
बढ़ती गर्मी से संक्रामक बीमारियों का प्रकोप बढ़ने लगा है। बुधवार को जिला अस्पताल में तिनबरवा गांव की स्वाति (18), लखनो निवासी नीलम 35, सदौपुर की सुनीता 45, कुलमनपुर के गुलाबधर 41, हिंछनपुर की सुमन गुप्ता 22, उमरिया की दीप्ति 18 समेत 35 मरीजों को जिला अस्पताल की इमर्जेंसी में भर्ती कराया गया। सभी गर्मी के चलते डायरिया और पेट की बीमारियों से पीड़ित थे। चिकित्सकों ने उन्हें गर्मी के सीजन में खान पान में सावधानी बरतने के साथ ही तेज धूप से बचने की सलाहे दी। ओपीडी में सुबह से लेकर दोपहर बाद तक मरीजों की भीड़ लगी रही। इसी तरह निजी अस्पतालों और दवा की दुकानों पर भी मरीजों और तीमारदारों की भारी भीड़ जमा रही। डॉ. अनिल श्रीवास्तव ने कहा कि धूप से बचाव बेहद जरूरी है। साथ ही गर्मी और लू से बचने के लिए घर से निकलने से पहले भरपूर पानी पीएं और शरीर को ज्यादा से ज्यादा ढंककर निकलें।